Friday, September 18, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalदो करोड़ की आबादी भूमि से हटाया अवैध कब्जा

दो करोड़ की आबादी भूमि से हटाया अवैध कब्जा

गाजीपुर। जखनिया तहसील के सादात कस्बे में राजस्व अभिलेखों में आबादी के रूप में दर्ज 0.253 हेक्टेयर भूमि से प्रशासन ने अवैध कब्जा हटवा दिया। उप जिलाधिकारी जखनिया के अनुसार गाटा संख्या-30 की इस भूमि पर कतिपय व्यक्तियों द्वारा अनधिकृत कब्जा किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्थलीय निरीक्षण कराया गया।

जांच के दौरान गाटा संख्या-30 की भूमि पर अनधिकृत कब्जा पाया गया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 16 सितंबर 2026 को राजस्व विभाग और नगर पंचायत की टीम की मौजूदगी में मौके से अवैध कब्जा हटवा दिया गया। प्रशासन के अनुसार अब भूमि पूरी तरह कब्जामुक्त है। संबंधित राजस्व कर्मचारियों को भूमि की निगरानी करने और दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि भविष्य में अतिक्रमण का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस भूमि पर नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। प्रशासन के अनुसार भूमि की बाजार कीमत करीब दो करोड़ दो लाख रुपये है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पास स्थित गाटा संख्या-309, रकबा 0.117 हेक्टेयर, संस्कृत पाठशाला सादात के नाम दर्ज है। संस्कृत पाठशाला की भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं किया गया है और पाठशाला पूर्ववत बनी हुई है। प्रशासन ने इसे लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को गलत बताया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button