गाजीपुर। मुहम्मदाबाद थाना स्थित साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार हुए शिकायतकर्ता के 3351 रुपये वापस करा दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने गाजीपुर पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क की टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार मुहम्मदाबाद क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 मिर्दहा मोहल्ला निवासी दानिश अली सिद्दीकी पुत्र स्व. राशिद अली के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 3351 रुपये की ठगी की गई थी। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई। इसके लिए पोर्टल पर ACK नंबर 23107260129817 और 33111250152445 के माध्यम से शिकायत दर्ज की गई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क मुहम्मदाबाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने संबंधित स्तर पर कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी गई पूरी धनराशि 3351 रुपये शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध होने पर पीड़ित को तत्काल इसकी शिकायत साइबर अपराध पोर्टल अथवा संबंधित थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर करनी चाहिए, जिससे समय रहते धनराशि को वापस कराने की कार्रवाई की जा सके। राशि वापस मिलने के बाद दानिश अली सिद्दीकी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।














