गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने विनीत राय हत्याकांड में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के ईनामी आरोपी जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शनिवार को अंधऊ हवाई पट्टी के पास से पकड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026 में जगदीश सिंह यादव नामजद वांछित था। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 191(2), 3(5) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी पर 30 मई 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र में बिंदू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में संलिप्त होने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव पुत्र केशव यादव, निवासी कोठिया कोडरताल, थाना करीमुद्दीनपुर का रहने वाला है। उसका वर्तमान पता कालिधाम कॉलोनी, गौसाबाद, थाना कोतवाली बताया गया है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा समेत कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।














