गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी खरीदने के लिए अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि के सदुपयोग को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश ने निर्देश दिया है कि डीबीटी से प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित सामग्री की खरीद में ही किया जाए। विकासखंड और विद्यालय स्तर पर अभिभावकों को इसकी जानकारी देने के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोग योग्य सामग्री खरीदने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यार्थी पूरे शैक्षिक सत्र में सामग्री का उपयोग कर सकें।
प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर बैठकें आयोजित करने तथा निर्धारित सामग्री की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को प्राप्त सामग्री का कक्षावार और विद्यार्थीवार सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से यह जांचने को कहा गया है कि विद्यार्थी स्कूल ड्रेस, जूता-मोजा और स्वेटर पहनकर विद्यालय आएं तथा स्कूल बैग और आवश्यक स्टेशनरी का नियमित उपयोग करें। अधिकारियों को व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।














