गहमर। महादेव घाट ग्राम सायर में हुई चंदन सिंह की हत्या के मामले में गहमर पुलिस ने फरार चल रहे आखिरी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, थाना गहमर में दर्ज मुकदमा मु0अ0सं0 182/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में छह नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। इनमें पांच आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
शनिवार, 29 अगस्त को प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरवाघाट गहमर के पास से श्रीनाथ पाण्डेय उर्फ मुन्ना पाण्डेय पुत्र स्व. रामदेव पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 60 वर्ष बताई गई है। वह सम्भल राय पट्टी थाना गहमर का निवासी है और वर्तमान में सायर डेरा में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हत्या की घटना में शामिल था और मुकदमे में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी समेत थाना गहमर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।














