गाजीपुर। शहर के सराफा प्रतिष्ठान में हुई लूट की घटना के महज तीन घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चाचा-भतीजे समेत दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संजय कुमार दुबे और पुष्कर दुबे के रूप में हुई है। दोनों के बीच चाचा-भतीजे का रिश्ता बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने शहर में घेराबंदी कर उनकी तलाश शुरू की थी, जिसमें पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान दोनों संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना में ले जाई गई सोने की पांच चेन बरामद की गई हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई चार पहिया गाड़ी, एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद होने का दावा किया गया है।
गौरतलब है कि शहर के संगिनी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में बदमाशों ने घुसकर छह सोने की चेन लूट ली थीं। वारदात के दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग भी की थी। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
इस त्वरित कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।















