गाज़ीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में सार्वजनिक भूमि पर नाली निर्माण को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद गहरा गया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जल निकासी की समस्या को लेकर नाराज ग्रामीणों ने समाजसेवी ओम यादव उर्फ टैटू फैन के नेतृत्व में कासिमाबाद तहसील मुख्यालय स्थित उप जिलाधिकारी कार्यालय के सामने दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक धरना-प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि गांव के लगभग 50 से 60 परिवारों के घरों से पानी की निकासी के लिए सार्वजनिक भूमि पर नाली का निर्माण कराया जा रहा था। आरोप है कि सरफराज, इम्तियाज, महताब समेत कुछ लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए नाली नहीं बनने देने की बात कही। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सार्वजनिक भूमि पर नाली निर्माण सुनिश्चित कराने तथा विवाद उत्पन्न करने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
समाजसेवी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि उप जिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने दोनों पक्षों को फिलहाल कोई निर्माण कार्य न करने का निर्देश दिया है। साथ ही मौके का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के बाद समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
उप जिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि गांव में जल निकासी की समस्या गंभीर है। प्रशासन बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेगा और दोनों पक्षों से बातचीत कर नाली के पानी की निकासी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाएगा।














