गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राइफल क्लब सभागार में जनपद स्तरीय गोआश्रय स्थलों की अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सभी गोआश्रय स्थलों पर हरे चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा और स्पष्ट चेतावनी दी कि चारे की कमी से यदि किसी गोवंश की मृत्यु होती है तो संबंधित सचिव एवं ग्राम प्रधान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान अस्थायी गोआश्रय स्थल जौहरगंज, सैदपुर में सीसीटीवी कैमरे न लगाए जाने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, सैदपुर का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एसएफसी पूलिंग की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत धनराशि जनपद स्तर पर खोले गए खाते में जमा कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अभियान चलाकर खेतों और सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को निकटतम गोआश्रय स्थलों में संरक्षित कराने, प्रत्येक विकास खंड में एक कैटल कैचर तथा प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर एक काऊ लिफ्टर मशीन खरीदने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु को देखते हुए गोआश्रय स्थलों में जल निकासी, मिट्टी भराई और खड़ंजा निर्माण कराने पर भी जोर दिया गया। साथ ही संचालन में लापरवाही बरतने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।














