गाजीपुर, । गाजीपुर के चर्चित बिंदु होटल संचालक विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सौरभ तिवारी (24), निवासी बीकापुर, थाना कोतवाली को चौकियां मोड़ हाईवे के पास चेकिंग के दौरान दबोच लिया। आरोपी का नाम हत्या के मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026 में प्रकाश में आया था।
पुलिस के अनुसार, विनीत राय की हत्या के मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, इस चर्चित हत्याकांड का मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
विनीत राय की हत्या के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही फरार मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














