गाज़ीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गुरुवार को जिले की अस्थायी और स्थायी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य गौवंशों के संरक्षण, उनके समुचित भरण-पोषण तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का सत्यापन करना था। इस दौरान अधिकारी बिरनो गौशाला भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि प्रत्येक बिंदु का तथ्यात्मक मूल्यांकन किया जाए। यदि किसी गौशाला में कोई कमी या अनियमितता मिले तो उसका उल्लेख निरीक्षण रिपोर्ट में करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध तरीके से निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के क्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों की गौशालाओं में पहुंचे। बिरनो गौशाला में भी अधिकारियों ने साफ-सफाई, कीचड़ की स्थिति, हरे चारे की उपलब्धता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में नियमित सफाई, जलभराव से मुक्ति, पर्याप्त एवं पौष्टिक हरे चारे की उपलब्धता तथा गौवंशों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गौसेवकों के मानदेय भुगतान, उपस्थिति और अन्य संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंशों के संरक्षण और संवर्धन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














