गाजीपुर। वाराणसी मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने जनपद गाजीपुर में निजी एवं सहकारी क्षेत्र के उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों को पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्रय-विक्रय समिति जमानियां, मोहित खाद भंडार, शुभम खाद भंडार और पुष्पा देवी खाद भंडार समेत कई केंद्रों का जायजा लिया गया।
उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों को केवल फार्मर रजिस्ट्री और खतौनी के आधार पर ही उर्वरकों का वितरण किया जाए। वितरण रजिस्टर में किसानों के भूमि विवरण और मोबाइल नंबर का अनिवार्य रूप से अंकन किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सत्यापन किया जा सके। साथ ही सभी बिक्री केंद्रों पर रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर तथा प्रतिदिन की बिक्री का रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
क्रय-विक्रय समिति जमानियां के निरीक्षण के दौरान वितरण रजिस्टर का समुचित रखरखाव न मिलने पर संबंधित सचिव को कड़ी चेतावनी दी गई। संयुक्त कृषि निदेशक ने बिहार सीमा से सटे क्षेत्रों में उर्वरकों की विशेष निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में उर्वरकों की दूसरे राज्यों में अवैध निकासी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवररेटिंग, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान समय में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी साधन सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को निर्धारित सरकारी दरों पर उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, प्रक्षेत्र अधीक्षक अखिलेन्द्र कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने विकासखंड जमानियां स्थित प्रक्षेत्र टिसौरा का भी निरीक्षण कर समय से फसलों की बुवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।














