गाजीपुर – कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो में ससुराल आए दामाद ओमप्रकाश राजभर (35) ने सोमवार शाम फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के उमरहुआ तालेपुर गांव के निवासी थे और सूरत में निजी नौकरी करते थे। करीब एक माह पहले वह ससुराल आए थे। मृतक की सास रमिता देवी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुत्री सरस्वती ने कमरे में उन्हें फंदे से लटका देखा और शोर मचाया। आसपास के लोगों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कासिमाबाद कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।














