गाजीपुर। केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत विकास खंड सैदपुर के ग्राम पंचायत हसनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, आवास योजना, पेंशन, राजस्व एवं अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। मण्डलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने पौधरोपण किया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान कराया जाएगा।














