गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित निर्वतन कक्ष में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तुत आठ प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पात्र मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इसके बाद महिला कल्याण विभाग से संबंधित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (डीसीपीसी) की त्रैमासिक बैठक भी संपन्न हुई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं और आख्या समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यवाही करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक, क्षेत्राधिकारी सदर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














