गाजीपुर। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के निर्देशों के अनुपालन में जनपद गाजीपुर में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेश पर निदेशालय द्वारा गठित टीम और खान निरीक्षक गाजीपुर ने 12 जून से 19 जून 2026 तक व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कुल 508 वाहनों की जांच की गई। जांच में 31 वाहन उपखनिज का अवैध परिवहन करते पाए गए। इनमें से 24 वाहनों पर कुल 12 लाख 37 हजार 830 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें ऑनलाइन चालान के माध्यम से 11 लाख 22 हजार 910 रुपये की वसूली कर ली गई।
इसके अतिरिक्त सात वाहनों को विभिन्न थानों की सुपुर्दगी में रखा गया है। इनमें तीन वाहन थाना भावरकोल, एक वाहन थाना खानपुर, एक वाहन थाना सुहवल, एक वाहन सदर कोतवाली तथा एक वाहन थाना जमानियां में जिलाधिकारी के अगले आदेश तक सुरक्षित रखे गए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ओवरलोडिंग, फर्जी, धुंधले एवं गलत नंबर प्लेट लगाकर खनिजों के अवैध परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।














