गाजीपुर – खानपुर थाना क्षेत्र में खनन विभाग की टीम पर ट्रक से जानलेवा हमला करने और खनन अधिकारी की गाड़ी को टक्कर मारकर फरार होने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 जून 2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार, खनन विभाग की टीम अवैध खनन से जुड़े वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खरौना-सिधौना मार्ग पर ट्रक सवार आरोपियों ने खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा की गाड़ी में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। मामले में खानपुर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान उपनिरीक्षक सुधीर कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी कैथी टोल प्लाजा की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बुढ़ीपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने सुनील यादव (31 वर्ष) निवासी नसीरपुर कुसुम, थाना नोनहरा तथा जयराम यादव (38 वर्ष) निवासी नदुला, थाना बरेसर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मुकदमा संख्या 193/2026 में वांछित चल रहे थे। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), खान अधिनियम 1952 तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली 2021 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक सुधीर कुमार और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले की जांच जारी है और घटना में प्रयुक्त ट्रक के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।














