गाजीपुर – सैदपुर क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव के साथ मारपीट कर उन्हें घायल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैदपुर पुलिस ने इस प्रकरण में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी सर्वेश यादव समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना सैदपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 209/2026 में नामजद आरोपी सर्वेश यादव पुत्र छांगुर यादव निवासी फुलवारीखुर्द (नागाबाबा) तथा गंगा सागर पुत्र मुंशी राम निवासी गैबीपुर को मुखबिर की सूचना पर नसीरपुर कट के पास हाईवे से गिरफ्तार किया गया। सर्वेश यादव पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ की। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।














