गाजीपुर। 50 हजार रुपये की इनामी और वांछित अभियुक्ता अफसा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर पुलिस ने रविवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 96/2023 के तहत धारा 406, 420, 386 और 506 आईपीसी में वांछित अफसा अंसारी की तलाश में सात पुलिस टीमों का गठन किया गया। अफसा अंसारी मृत पूर्व माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी हैं।
रविवार को भारी पुलिस बल के साथ गाजीपुर और मऊ जनपद के कई संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई IS-191 गैंग से जुड़े सहयोगियों और करीबी लोगों के ठिकानों पर केंद्रित रही। गाजीपुर जिले में मोहम्मदाबाद मंगल बाजार निवासी मंसूर अहमद अंसारी, गौस मुइनुद्दीन उर्फ तन्नू अंसारी तथा सैदपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव निवासी लालजी यादव के घरों पर दबिश दी गई।
इसके अलावा मऊ जिले के दक्षिणटोला, कोपागंज, सरायलखंसी और मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्रों में भी स्थानीय पुलिस की मदद से अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने तैयब पालकी, अरविंद कुमार सिंह, उमेश सिंह और श्याम लाल सोनकर उर्फ लिल्लू के घरों पर भी छापेमारी कर अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अफसा अंसारी की गिरफ्तारी तक अभियान लगातार जारी रहेगा। संभावित ठिकानों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।














