गाजीपुर – श्मशान घाटों पर अंतिम संस्कार के दौरान लकड़ी, आग और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, श्मशान घाट पर शवदाह के लिए पहुंचने वाले शोकाकुल परिवारों से निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली जा रही थी। कई लोगों ने आरोप लगाया कि मानसिक तनाव और दुख की स्थिति में होने के बावजूद उनसे लकड़ी, चिता सजाने और अग्नि देने के नाम पर मनमाने पैसे मांगे जाते हैं।
मामला सामने आने के बाद डीएम ने नगर पालिका अधिकारियों, श्मशान घाट संचालन से जुड़े कर्मचारियों और डोम समाज के लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिवारों का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को कमाई का जरिया बनाना अमानवीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत सही पाई गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने श्मशान घाटों की व्यवस्थाओं की निगरानी बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात भी कही है।














