जेवर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक धीरेन्द्र सिंह ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चोला रेलवे स्टेशन के सुदृढ़ीकरण, आधुनिकीकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उसकी बेहतर रेल कनेक्टिविटी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने चोला रेलवे स्टेशन को एक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि चोला स्टेशन को आधुनिक स्वरूप में अपग्रेड किया जाता है, तो इसका सीधा लाभ केवल जेवर एयरपोर्ट को ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिलेगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास, रोजगार और निवेश की संभावनाओं को भी गति मिलेगी।

विधायक ने रेल मंत्री के समक्ष चोला स्टेशन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इनमें स्टेशन का आधुनिक पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं का विस्तार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और सुगम रेल संपर्क, क्षेत्र में प्रस्तावित नई रेल लाइन को जल्द मंजूरी और क्रियान्वयन, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की संभावनाएं और स्टेशन को लॉजिस्टिक्स तथा औद्योगिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करने जैसे बिंदु शामिल थे।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में से एक है। ऐसे में इसके आसपास का रेल नेटवर्क भी उतना ही मजबूत और आधुनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चोला रेलवे स्टेशन का उन्नयन क्षेत्र के युवाओं, किसानों और उद्योगों के लिए नए अवसर खोलेगा और यह विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw जी से शिष्टाचार भेंट कर, चोला रेलवे स्टेशन के सुदृढ़ीकरण, आधुनिकीकरण तथा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रेल कनेक्टिविटी के विषय में विस्तृत चर्चा की। चोला रेलवे स्टेशन को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने, नई रेल… pic.twitter.com/fZGiDAvPZI
— Dhirendra Singh (@DhirendraGBN) April 2, 2026
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि रेल मंत्रालय प्रस्तावों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
इस मुलाकात को जेवर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि चोला रेलवे स्टेशन के विकास से आने वाले समय में एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारे और आसपास के गांवों-कस्बों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। इससे न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
बैठक में अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा भी मौजूद रहे। अंत में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में जेवर क्षेत्र इन्फ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा।














