गाजीपुर – थाना करंडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 बंडल गांजा (कुल वजन 61.170 किलोग्राम, अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये), दो वाहन और एक टैबलेट बरामद किया है। यह कार्रवाई 21 फरवरी 2026 को अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
प्रभारी थाना करंडा उ0नि0 राजेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सोनहरिया पेट्रोल पंप पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्लेटी रंग की हुंडई i20 (संख्या UP65DB2306) और एक सफेद स्कॉर्पियो (संख्या UP50BN0650) में कुछ लोग अवैध गांजा लेकर नंदगंज से चोचकपुर होते हुए जमानिया की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने वाहनों का पीछा किया।
पीछा करने के दौरान हुंडई i20 ग्राम सिकंदरपुर डिहवा के पास अनियंत्रित होकर कूड़े के ढेर के पास फंस गई, जबकि स्कॉर्पियो दीनापुर सघन सहकारी समिति के सामने बिजली के पोल से टकराकर गिट्टी में फंस गई। तलाशी लेने पर हुंडई कार से तीन प्लास्टिक बोरियों में कुल 59 बंडल गांजा बरामद हुआ। हालांकि वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
इस संबंध में थाना करंडा पर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर तलाश जारी है।














