गाजीपुर – भर/राजभर जाति को अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षण देने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर/राजभर समाज की आर्थिक और सामाजिक स्थिति बेहद कमजोर है। समाज के समग्र विकास के लिए लंबे समय से शासन से अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
धरना देने वालों ने बताया कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उन्होंने अपनी आवाज उठाई है ताकि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने।
ज्ञापन में प्रमुख मांग भर/राजभर समाज को एसटी आरक्षण लागू करने की रही। इसके साथ ही भर/राजभर समाज के लिए विमुक्त जाति प्रमाण पत्र तत्काल जारी करने की मांग भी की गई, क्योंकि यह प्रक्रिया फिलहाल बंद बताई जा रही है।
अन्य मांगों में 17 जातियों को एससी सूची में शामिल करने तथा समाज के सदस्यों पर हो रही हत्याओं और घरों पर बुलडोजर जैसी दमनकारी कार्रवाइयों को रोकने की अपील भी शामिल रही।














