गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। बीते कुछ महीनों में कई वारदातें सामने आने के बावजूद पुलिस अब तक सक्रिय चोर गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। इससे लोगों का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा भी कमजोर पड़ता दिख रहा है।
इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 की रात ग्राम बरही में हुई बड़ी चोरी की घटना अब तक रहस्य बनी हुई है। गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव और सतेंद्र कुमार यादव के घरों को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित परिवारों के अनुसार करीब 80 लाख रुपये के जेवरात और लगभग एक लाख रुपये नगद चोरी हुए थे।
घटना के बाद दोनों परिवारों ने एडीजी जोन वाराणसी से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की थी। एडीजी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक न तो घटना का खुलासा हो सका और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर केवल एफआईआर दर्ज होने और जांच अधिकारी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई।
पीड़ित प्रमोद कुमार यादव वर्तमान में जम्मू में अर्धसैनिक बल में तैनात हैं। उनका कहना है कि देश की सुरक्षा में तैनात रहने के बावजूद उनका अपना घर सुरक्षित नहीं रह सका। चोरी के बाद पूरा परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में जी रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजश्री ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।














