Thursday, April 23, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeनीम के पेड़ से लटककर युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में...

नीम के पेड़ से लटककर युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा– “ऊपर वाला न्याय करेगा

गाजीपुर – दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय युवक ने नीम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजाराम कुमार, पुत्र रामअवध राम के रूप में हुई है। सुबह जब परिजनों ने उसका शव घर की छत से सटे नीम के पेड़ पर नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकता देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, 13 अप्रैल को गांव के एक व्यक्ति के साथ शराब पीने के दौरान राजाराम की कहासुनी हो गई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस झगड़े में दूसरे पक्ष के एक युवक का पैर टूट गया, जिसका इलाज मऊ के एक अस्पताल में चल रहा है। आरोप है कि इस घटना के बाद से गांव के कुछ लोग राजाराम को लगातार धमका रहे थे। उसे बार-बार कहा जा रहा था कि उसने गंभीर अपराध किया है और उसे जेल भेज दिया जाएगा, यहां तक कि फांसी तक की धमकी दी जा रही थी।

इन धमकियों और सामाजिक दबाव के चलते राजाराम मानसिक तनाव और अवसाद में आ गया था। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा, “दोनों निर्दोष हैं… जो ऊपर बैठा है वह न्याय करेगा… अल्लाह भगवान।” इस नोट से उसकी मानसिक स्थिति और बेबसी साफ झलकती है। पुलिस ने सुसाइड नोट और रस्सी को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल की मारपीट की घटना को लेकर थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, 22 अप्रैल को विपक्षी पक्ष की ओर से एक शिकायती पत्र दिया गया था। राजाराम अपने परिवार में तीन भाइयों और तीन बहनों में पांचवें नंबर पर था और अविवाहित था। घटना के समय उसके माता-पिता घर के अंदर सो रहे थे, जबकि वह छत पर अकेला था।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button