“34.18 करोड़ रुपये के बजट से होगा यमुना मार्जिनल बांध मार्ग का कायाकल्प, पहली किस्त के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये सिंचाई विभाग को जारी”
नोएडा: करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यमुना मार्जिनल बांध यानी यमुना तट बांध की चार लेन सड़क की सफाई और अनुरक्षण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से लेकर सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.2 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सड़क के दोनों ओर और बीच में उगी बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियों, कीकर आदि की कटाई-छंटाई तथा जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों की सफाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। लंबे समय से इस मार्ग की दुर्दशा को लेकर आवाज उठा रहे ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने कार्य शुरू होने पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने संगठन के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश से सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में मुलाकात की। इस दौरान यमुना पुस्ता बांध की चार लेन सड़क की सफाई, मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य शुरू कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।
पुष्पगुच्छ और शहीदों की पेंटिंग देकर किया सम्मान
इस अवसर पर अशोक चौहान ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही शहीद सुभाष चंद्र बोस की पेंटिंग देकर सम्मानित किया। वहीं नोएडा प्राधिकरण के जीएम सिविल श्री अशोक कुमार अरोड़ा को भी शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्राम विकास संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यमुना पुस्ता बांध मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों और नोएडा के कई सेक्टरों के लिए बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके रखरखाव और सफाई की लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में यह मार्ग सुगम, सुरक्षित और यातायात के लिए उपयोगी बन सकेगा।
2014 में हुआ था चार लेन सड़क मार्ग का निर्माण
जानकारी के अनुसार यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा वित्त पोषित धनराशि से कराया गया था। सिंचाई विभाग और नोएडा विकास प्राधिकरण के मध्य गठित एमओयू की शर्तों के अनुसार सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था।
लंबे समय तक इस महत्वपूर्ण सड़क के नियमित रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं रहने के कारण सड़क के दोनों तरफ और मध्य भाग में कंटीली झाड़ियां, कीकर तथा अन्य वनस्पतियां उग आई थीं। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा होने के कारण मार्ग की उपयोगिता और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही थीं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के आसपास उगी झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर मार्ग की चौड़ाई भी प्रभावित होती थी और रात के समय आवागमन में विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता था।
34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत
यमुना पुस्ता बांध मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अब इसके रखरखाव और मरम्मत के लिए 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसमें से पहली किस्त के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये की धनराशि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को बैंक खाते में भेजी जा चुकी है।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध कराए जाने के बाद सिंचाई विभाग ने सेक्टर-94 के गांव रायपुर से सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना मार्जिनल बांध/यमुना तट बांध की चार लेन सड़क पर सफाई और अनुरक्षण कार्य शुरू कर दिया है।
इसमें सड़क के दोनों ओर और मध्य में उगी कंटीली झाड़ियों एवं कीकर की कटाई-छंटाई तथा जगह-जगह जमा कूड़े को हटाने का कार्य प्रमुख रूप से शामिल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि सड़क की नियमित सफाई और मरम्मत होती रही तो आने वाले समय में इस मार्ग का उपयोग बड़ी संख्या में लोग कर सकेंगे।
2021 से लगातार उठा रहे थे आवाज
गांव नंगली वाजिदपुर निवासी अशोक चौहान ने बताया कि यमुना पुस्ता बांध सड़क की सफाई और मरम्मत के लिए वह वर्ष 2021 से लगातार संबंधित विभागों के समक्ष शिकायतें दर्ज करा रहे थे। सड़क की खराब स्थिति, झाड़ियों और कूड़े की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल और आईजीआरएस के माध्यम से भी कई बार शिकायत की गई।
वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई गई थी। इस शिकायत के जवाब में सिंचाई विभाग की ओर से बताया गया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा किया जाता है।
इसके बाद भी जब समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो 31 अगस्त 2024 को दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 दर्ज कराई गई। इनमें एक शिकायत नोएडा प्राधिकरण तथा दूसरी सिंचाई विभाग से संबंधित थी।
2025 में भी दर्ज कराई गई थी शिकायत
अशोक चौहान ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए 28 अगस्त 2025 को भी मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014125031556 दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद काफी समय तक सेक्टर-94 गांव रायपुर से सेक्टर-135 गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना पुस्ता बांध सड़क पर बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां, कीकर और जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई देते रहे।
लगातार शिकायतों और क्षेत्रवासियों की मांग के बाद अब नोएडा प्राधिकरण की ओर से बजट उपलब्ध कराया गया है और सिंचाई विभाग ने सड़क की सफाई तथा अनुरक्षण का काम शुरू कर दिया है। कार्य शुरू होने से ग्रामीणों और आसपास के सेक्टरों के निवासियों में खुशी का माहौल है।
एक्सप्रेसवे के जाम का बन सकता है वैकल्पिक रास्ता
क्षेत्रवासियों के अनुसार लगभग 11.2 किलोमीटर लंबा यमुना पुस्ता बांध मार्ग भविष्य में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सड़क की पूरी तरह सफाई, मरम्मत और नियमित अनुरक्षण के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग इस मार्ग का अधिक उपयोग कर सकेंगे।
इससे गांव रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को वैकल्पिक संपर्क मार्ग मिल सकता है। इसके साथ ही सेक्टर 126 से 135 तथा सेक्टर-168 के निवासियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त कर नियमित रूप से साफ-सुथरा रखा गया और यातायात के लिहाज से व्यवस्थित किया गया तो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले जाम के दौरान यह एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम कर सकता है।
जाम कम होगा तो प्रदूषण पर भी पड़ेगा सकारात्मक असर
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और उपयोगिता बढ़ने से केवल यातायात सुविधा ही बेहतर नहीं होगी, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव पर्यावरण पर भी पड़ सकता है। एक्सप्रेसवे पर लंबे समय तक जाम में फंसे वाहनों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। यदि वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होते हैं और यातायात का दबाव अलग-अलग मार्गों पर वितरित होता है तो जाम की स्थिति में कमी आ सकती है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नोएडा प्राधिकरण और सिंचाई विभाग इस सड़क के सफाई एवं मरम्मत कार्य को केवल एक बार की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि भविष्य में इसके नियमित अनुरक्षण, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग पर कार्रवाई शुरू होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार संवाद और शिकायतों का सिलसिला जारी रखा गया, जिसके बाद अब धरातल पर काम दिखाई दे रहा है।
उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश, जीएम सिविल श्री अशोक कुमार अरोड़ा तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और मांग की कि सड़क की मरम्मत एवं सफाई के साथ-साथ भविष्य में इसके नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ये लोग रहे मौजूद
सम्मान एवं आभार कार्यक्रम के दौरान गांव शाहपुर गोवर्धनपुर से डीपी चौहान, गांव नंगली वाजिदपुर से अशोक चौहान, असगरपुर से हरेन्द्र अवाना तथा सेक्टर-130 निवासी सतेन्द्र चौधरी मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यमुना पुस्ता बांध की चार लेन सड़क केवल एक सड़क नहीं, बल्कि नोएडा के दक्षिणी हिस्से के दर्जनों गांवों और सेक्टरों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में इसकी सफाई, मरम्मत और नियमित अनुरक्षण से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।














