ग़ाज़ीपुर। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर औड़िहार गांव के पास रविवार रात करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों दोस्त बाइक से मारकंडेय महादेव धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
उचौरी गांव निवासी राजू यादव (27) पुत्र फूलचंद यादव, आकाश यादव (25) पुत्र सुरेंद्र यादव और उनका दोस्त लालू यादव एक ही बाइक से मारकंडेय महादेव धाम के लिए निकले थे। औड़िहार के पास बाइक मोड़ते समय सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू और आकाश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में लालू को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बेटी के जन्म के 10 दिन बाद उठा पिता का जनाजा
राजू मुंबई में मजदूरी करते थे और पत्नी के प्रसव के लिए करीब दो सप्ताह पहले घर आए थे। दस दिन पहले ही पत्नी प्रीति ने बेटी को जन्म दिया था। उनका तीन वर्षीय पुत्र आरव भी है। मौत की खबर से पत्नी प्रीति और मां कुसुम देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गर्भवती पत्नी को छोड़ गया आकाश
आकाश की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी पत्नी आरती गर्भवती हैं। आकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।














