गाजीपुर। दीपावली पर्व पर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर कुल नौ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त 84 किलोग्राम छेना मिठाई, गुलाब जामुन, रसगुल्ला और शीरा नष्ट कराया गया। नष्ट कराए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 17,140 रुपये बताई गई है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के आदेश के क्रम में यह अभियान चलाया गया। जमानिया के बरुईन रावल स्थित आराध्या ट्रेडर्स से सूजी और किशमिश के नमूने लिए गए। पांडेय मोड़ से बर्फी, नायकडीह हाल्ट स्थित आदित्य स्वीट हाउस से छेना मिठाई, सिधौना स्थित महादेव मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन, सैदपुर के रामकरन मिष्ठान भंडार से छेना, धर्मागतपुर से पनीर, दाढ़ी मोड़ स्थित अमित स्वीट हाउस से बूंदी लड्डू और सिधागर चट्टी स्थित वैष्णो स्वीट्स से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया।
इसके अलावा दैतरा बरेसर, दुल्लहपुर, सैदपुर और बद्धोपुर बाजार में संदूषित मिठाइयां एवं शीरा नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य आरसी पांडेय ने बताया कि संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया और अमरनाथ शामिल रहे।















