गाजीपुर – कासिमाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। कासिमाबाद और नोनहरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 22 वर्षीय इमरान उर्फ भोंदू पुत्र इरसाद, निवासी भटोली थाना नोनहरा, पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, नियमित वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो कागजीपुर के पास तेज मोड़ पर उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने 315 बोर के तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेजा गया।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3, 25 और 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इमरान उर्फ भोंदू के खिलाफ गाजीपुर और बलिया में गोवध, अवैध हथियार, आबकारी, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर मामलों सहित कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।














