गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान बंद तीन घरों का ताला तोड़कर चोरी करने की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए शत-प्रतिशत चोरी का सामान बरामद करने का दावा किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह और पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कुसुम्ही कला पोखरा के पास कूड़ाघर के नजदीक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान धरवां गांव निवासी आशीष कुमार (20) पुत्र रविंद्र राम, रोहित कुमार (23) पुत्र अवधेश नारायण राम और आशीष कुमार (19) पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, तीन मंगलसूत्र के लॉकेट, दो जोड़ी कान के टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, छोटा हार, दो सोने जैसी पीली धातु की सिकड़ी, तीन अंगूठियां और सात गुरिया बरामद कीं। इसके अलावा चार जोड़ी पायल, दो मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आशीष कुमार पुत्र रविंद्र राम का पूर्व में भी चोरी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नंदगंज थाने में दो अन्य मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















