गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट-2026) के पहले दिन गुरुवार को जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
द्वितीय पाली के दौरान अधिकारियों ने स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर तथा लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल अथवा अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
जनपद में परीक्षा के सफल संचालन के लिए छह जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल एवं उड़न दस्ते भी लगातार सक्रिय रहे। प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 तथा द्वितीय पाली में 7,392 में से 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने पहले दिन की परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बताया।














