गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चौबे उर्फ रिशु (22) पुत्र स्वर्गीय अनिल चौबे निवासी मोहल्ला नियाजी (मियांपुरा), थाना कोतवाली, गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार 28 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर एवं पुलिस की सक्रियता के आधार पर लार्ड कार्नवालिस पार्क के पास से हत्या के मुकदमे में वांछित शिवम चौबे उर्फ रिशु को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही और कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार बरामद की।
इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 818/2026 धारा 103(1), 109(1) और 61(2)(a) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता सहित कोतवाली पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।















