गाजीपुर। जखनियां तहसील में शनिवार को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये रिश्वत लेते लेखपाल को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लेखपाल की पहचान मनोज कुमार पांडेय के रूप में हुई है। टीम ने उसे तहसील के मुख्य गेट नंबर एक के सामने से गिरफ्तार किया। कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
एंटी करप्शन टीम की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बिरयाबाद थाना क्षेत्र के बधाव (देईपुर) गांव निवासी विनय यादव ने 23 नवंबर को वाराणसी स्थित एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी माता सुदेशरी देवी की आबादी की जमीन पर सरकारी योजना के तहत घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल मनोज कुमार पांडेय ने रिपोर्ट लगाने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।
शिकायत की जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने 28 नवंबर को लेखपाल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शनिवार दोपहर शिकायतकर्ता को जखनियां तहसील बुलाया गया। दोपहर करीब 3:51 बजे तहसील के गेट नंबर एक के सामने जैसे ही लेखपाल ने पांच हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
आरोपी मनोज कुमार पांडेय दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के देवा (पांडेय का पुरा) गांव का निवासी है। वह जखनियां तहसील के सलेमपुर बधाई राजस्व क्षेत्र में लेखपाल के पद पर तैनात था। गिरफ्तार लेखपाल के खिलाफ भुड़कुड़ा थाने में विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद तहसील परिसर में काफी देर तक चर्चाओं का दौर जारी रहा।















