गाजीपुर। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देने और ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर उनके मन में उठने वाली शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष ईवीएम जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय में भी संचालित हो रहा है। इसके लिए कुल आठ स्थानों पर ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं।
इन केंद्रों पर पहुंच रहे मतदाता ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ रहे हैं। खास बात यह है कि मतदाताओं को केवल जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि उन्हें स्वयं ईवीएम पर वोट डालकर मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी कराया जा रहा है।
मतदान करने के बाद वीवीपैट मशीन में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से मतदाता यह भी देख रहे हैं कि उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न किस प्रकार प्रदर्शित होता है।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर आमजन के मन में व्याप्त शंकाओं और भ्रांतियों को दूर करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ाना है। इस अभियान के माध्यम से मतदाताओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से मतदाताओं को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया समझने में मदद मिल रही है।















