वाराणसी/गाजीपुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। 24 नवंबर 2026 को चलाए गए इस अभियान में 8,025 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 893 वाहनों का चालान कर 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। इसके तहत आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को तीन सवारी न बैठाने तथा चार पहिया वाहन चालकों को शीशों पर काली फिल्म का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।
कार्रवाई के आंकड़ों में मीरजापुर परिक्षेत्र में सर्वाधिक 2,907 लोगों को जागरूक किया गया। आजमगढ़ परिक्षेत्र में सर्वाधिक 388 वाहनों का चालान हुआ, जबकि वाराणसी परिक्षेत्र में सर्वाधिक 3 लाख 76 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















