गाजीपुर। यातायात माह एवं सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बुधवार को बिरनो टोल प्लाजा पर वाहन चालकों और परिचालकों के लिए जागरूकता अभियान एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 125 वाहन चालकों की आंखों की जांच कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यह आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक यातायात लखनऊ उत्तर प्रदेश एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में किया गया। यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में नेत्र चिकित्सक नंद लाल प्रसाद एवं प्रशांत कुमार ने वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया।
अभियान के दौरान बस, ट्रक, ऑटो, ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों के चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मृत्यु दर को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने से बचने की हिदायत दी गई। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
शिविर में कुल 125 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान दृष्टि संबंधी कमी पाए जाने वाले चालकों को उचित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार कराने की सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने कहा कि वाहन चलाते समय बेहतर दृष्टि होना सुरक्षित यातायात के लिए बेहद आवश्यक है। इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।















