गाजीपुर। शहीद शशांक सिंह के दसवें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, युवाओं और ग्रामीणों ने शहीद शशांक सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद शशांक सिंह के अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति उनके समर्पण को याद किया। पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने कहा कि शशांक सिंह ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जान की परवाह किए बिना देश की सुरक्षा में लगे रहते हैं। सैनिकों का साहस और बलिदान ही राष्ट्र की मजबूती का आधार है। शहीदों का सम्मान करना और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील रहना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि शहीदों को केवल उनकी पुण्यतिथि या शहादत दिवस पर याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारना चाहिए। युवाओं से देश और समाज की सेवा के लिए आगे आने की अपील की गई।
इस दौरान शहीद के परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की गई। कार्यक्रम में अनुराग सिंह, जितेंद्र यादव, अजय यादव, मुन्ना राजभर, सूर्यभान और रामदरश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व युवा मौजूद रहे।















