गाजीपुर। मिश्र बाजार में जूता कारोबारी मोहम्मद दाऊद के बेटे कौशेन की हत्या का नामजद आरोपी विशाल चौबे उर्फ शुभम चौबे बिहार में शराब तस्करी करते गिरफ्तार किया गया। कैमूर जिले की दुर्गावती थाना पुलिस ने 14 नवंबर की रात करीब 8:10 बजे एनएच-19 पर वाहन जांच के दौरान उसे पकड़ा। वह शरीर पर शराब के पाउच चिपकाकर यात्री बस से सफर कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, विशाल बनारस से मोहनिया जा रही यात्री बस में सवार था। उसने शरीर पर टेप से शराब के पाउच चिपका रखे थे और ऊपर से चादर ओढ़ी थी। तलाशी के दौरान उसके पास से 200-200 मिलीलीटर के नूरी देसी मसाला शराब के 20 पाउच बरामद हुए। कुल शराब चार लीटर थी।
बिहार पुलिस की प्राथमिकी के अनुसार, दुर्गावती थाने में तैनात उपनिरीक्षक नागेंद्र कुमार को 14 नवंबर की शाम सूचना मिली थी कि बस में एक युवक शरीर पर शराब के पाउच चिपकाकर जा रहा है। इसके बाद एनएच-19 की उत्तरी लेन पर वाहन जांच शुरू की गई। बस पहुंचने पर आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
बरामद शराब के पाउच पर निर्माण तिथि 27 अक्टूबर 2026 और निर्माता के रूप में गाजीपुर के नंदगंज स्थित लॉर्ड्स डिस्टिलरी लिमिटेड का नाम दर्ज था।
गौरतलब है कि 10 नवंबर को मिश्र बाजार में कौशेन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दुकान से घर लौटते समय समोसा खाने रुके कौशेन पर हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से विशाल फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत चार टीमें लगाई गई थीं। एसपी विनय कुमार सिंह ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।















