गाजीपुर। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बुधवार, 4 नवंबर को करंडा थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एएसपी सिटी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक और कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या एवं बलवा से संबंधित रजिस्टर तथा बीट सूचना रजिस्टर की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और उनका उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। थाना परिसर, कार्यालय और बैरक की साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
साइबर सेल के निरीक्षण के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध के प्रति आमजन को जागरूक करने और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए महिला पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
एएसपी सिटी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थानाध्यक्ष करंडा सहित सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया।















