गाजीपुर। नोनहरा गांव स्थित हजरत सैयद मोहम्मद जान शाह उर्फ जीन बाबा के स्थान पर पांच नवंबर, गुरुवार को परंपरागत रूप से सालाना उर्स का आयोजन किया जाएगा। उर्स को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कुरानखानी से होगी। इसके बाद दोपहर दो बजे से चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी। वहीं, देर शाम पांच बजे से महबूब अली शाह कालंद्री (राही बाबा) के निवास स्थान पर विशाल लंगर (भंडारे) का आयोजन होगा। इसके साथ ही अकीदतमंदों के मनोरंजन के लिए कव्वाली का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उर्स में क्षेत्र के बड़ी संख्या में जायरीनों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने सभी लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर उर्स में शिरकत करने और लंगर में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। इसकी जानकारी महबूब अली शाह कालंद्री उर्फ राही बाबा ने दी।















