HomePARDAFHAAS BREAKINGसैदपुर रोजगार मेले में 523 युवाओं को ब्लॉक प्रमुख के हाथों मिला...

सैदपुर रोजगार मेले में 523 युवाओं को ब्लॉक प्रमुख के हाथों मिला ऑफर लेटर, 1300 से अधिक ने किया प्रतिभाग

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मोती लाल पीजी कॉलेज, सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने फीता काटकर किया। इस रोजगार मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें 523 युवाओं को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य अभय प्रकाश सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह एवं मोती लाल पीजी कॉलेज के प्रबंध निदेशक मोती लाल यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
मंच संचालन करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी पांच नवंबर 2026 को विधानसभा जखनिया में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने युवाओं को रोजगारपरक नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आउटसोर्सिंग पोर्टल और विदेशों में भर्ती के अवसरों की विस्तृत जानकारी देते हुए कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही युवाओं को सफलता के विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने कहा कि युवाशक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा अपनी कार्यक्षमता को पहचानेंगे और नई शुरुआत करने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने युवाओं से कौशल विकसित कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित युवाओं को मंच पर ऑफर लेटर वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments