ग़ाज़ीपुर – बिरनो क्षेत्र के बद्दूपूर गांव में श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र की नवमी के अवसर पर मेला और बिरहा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बद्दूपूर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। देर रात तक चले बिरहा कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान आकाश राजभर ने बताया कि क्षेत्र में कई वर्षों से शारदीय नवरात्र के अवसर पर बिरहा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य लोक संस्कृति और पारंपरिक बिरहा गायन को बढ़ावा देना है।इस वर्ष गाजीपुर की बिरहा गायिका खुशी यादव और बक्सर, बिहार के बिरहा गायक देवा लाल यादव के बीच शानदार बिरहा मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने सवाल-जवाब और गायकी के माध्यम से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से दोनों कलाकारों को माल्यार्पण कर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति के आलोक वर्मा, अतुल सिंह और राजकुमार वर्मा ने मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विनोद गुप्ता, गुड्डू राजभर, संकट्ठा मिश्रा, कार्तिक राम, अमरजीत राम सीहाबारी, अवधेश राजभर, प्रमोद राय, हरिकेश यादव, विकास राजभर, कार्तिक राम,मन्नू राजभर, सुनील कुशवाहा, राकेश यादव, रामाश्रय राजभर और रामकला सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। मेले और बिरहा कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा।















