HomePoliticsस्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा कॉल सेंटर का...

स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा कॉल सेंटर का शुभारंभ

गाजीपुर। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय छावनी लाइन में कॉल सेंटर का शुभारंभ किया गया। जिला प्रभारी अजीत चौबे और जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने फीता काटकर कॉल सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान कॉल सेंटर में कार्यरत कर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी अजीत चौबे ने पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र की उन्नति, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनसे संगठन के कार्यों और सरकार की योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वावलंबन के सिद्धांतों को ध्यान में रखकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर प्रभावी जनसंपर्क स्थापित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और समन्वय महत्वपूर्ण है। कॉल सेंटर के माध्यम से निर्वाचन संबंधी तैयारियों और संगठनात्मक संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, अविनाश सिंह, कार्तिक गुप्ता, सनी चौरसिया, प्रमोद राय, शशांक राय और शिवम प्रकाश त्रिपाठी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments