जखनियां। बनारस घुमाने के बहाने दोस्त द्वारा साथियों के साथ मिलकर 16 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपित किशोरी को बेहोशी की हालत में डिहवा गांव के पास सुनसान स्थान पर फेंककर फरार हो गए। होश में आने के बाद किशोरी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के मुताबिक मौके से आपत्तिजनक सामान भी मिला है।
नगर पंचायत सादात निवासी किशोरी अपनी मां की मृत्यु के बाद पिता के साथ रहती है। शनिवार को पिता काम पर गए थे। इसी दौरान किशोरी का दोस्त उसे घुमाने के लिए अपने साथ ले गया। देर रात पिता घर लौटे तो बेटी के नहीं मिलने पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
किशोरी का आरोप है कि इब्राहिमपुर निवासी उसका दोस्त उसे घर दिखाने का झांसा देकर गांव ले गया। वहां उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में डिहवा गांव के पास फेंक दिया गया। भोर में होश आने पर उसने डायल 112 को सूचना दी।भुड़कुड़ा पुलिस किशोरी को थाने ले गई और परिजनों को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजीपुर से फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि किशोरी की तहरीर के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।















