गाजीपुर। कासिमाबाद क्षेत्र के मोईनदीनपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय में रविवार को पीडीए जन-जन पंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने कहा कि कुछ लोग राजभर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। समाज को अपने सम्मान और हक की लड़ाई लड़नी होगी।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राजभर समाज को राजा के खानदान का हवाला देकर आरक्षण के नाम पर ठगने का काम किया। राजभर समाज मूल रूप से गरीब और मजदूर समाज है, लेकिन उसकी गरीबी दूर करने के लिए कोई ठोस रास्ता नहीं निकाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायती राज विभाग में श्मशान घाट निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का कमीशन लिया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। पीडीए के तहत समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जब योगी सरकार ने ओमप्रकाश राजभर को बर्खास्त किया था, तब समाजवादी पार्टी ने उन्हें गले लगाया, लेकिन उन्होंने धोखा दिया। सलेमपुर क्षेत्र में जरूरतमंद राजभर परिवारों की मदद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व ने आग से प्रभावित परिवारों, बेटी की शादी और दिव्यांग बेटी की आर्थिक मदद की।
महिलाओं को सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में रुपये भेजने के नाम पर ठगी की गई, जबकि उत्तर प्रदेश में समूह के नाम पर महिलाओं के खाते खोले जा रहे हैं। उन्होंने राजभर समाज से जागरूक रहने की अपील की।
मीडिया वार्ता में जहूराबाद में राजभर व पीडीए कार्यक्रमों को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि छड़ी का जमाना समाप्त हो गया है। ओमप्रकाश राजभर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2027 में जहूराबाद से उनकी विदाई होगी और उनकी जमानत जब्त हो जाएगी।
इस दौरान उमाशंकर कुशवाहा, महेंद्र चौहान, जयनाथ राजभर, हरिनाथ राजभर, मुन्नीलाल राजभर, पिंटू राजभर, दिनेश राजभर, केशव यादव, अनिल यादव, रविंद्र यादव, राजू यादव, जोगिंद्र राय, रियाज अहमद, संतोष यादव सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता डॉ. उमेश राजभर और संचालन जय हिंद यादव ने किया।














