गाजीपुर। सीएमओ के निर्देश पर शनिवार को देवकली सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. एसके सरोज के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थानीय पुलिस के साथ बाजार में पहुंची। टीम ने पावर हाउस के पास संचालित दिव्या अल्ट्रासाउंड डायग्नोस्टिक पैथालॉजी एवं डिजिटल एक्स-रे सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर बिना पंजीकरण संचालित होता मिला। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर को सील कर दिया।
देवकली सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. एसके सरोज ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर सेंटर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें मौजूद मिलीं, लेकिन वहां कोई रेडियोलॉजिस्ट और कर्मचारी तैनात नहीं मिला। सेंटर से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इनमें अग्निशमन प्रमाण पत्र, डायग्नोस्टिक सेंटर का मानचित्र समेत अन्य कागजात शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जांच की जानकारी मिलते ही सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। जांच के बाद सेंटर को सील कर दिया गया है।
डॉ. एसके सरोज के अनुसार सेंटर के संचालक शादियाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनपुर निवासी पंचम कुमार बिंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए जल्द ही पुलिस को तहरीर दी जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।














