ग़ाज़ीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर दो बक्सों के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहाबुद्दीनपुर निवासी नरगिस बेगम पत्नी आलमगीर उर्फ मुन्ना ने बताया कि परिवार रात में खाना खाने के बाद सो गया था। करीब तीन बजे घर में आहट सुनाई दी। परिजनों ने कुछ लोगों को घर से निकलते देखा और शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण भी जाग गए, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
चोरों के जाने के बाद घर की तलाशी लेने पर दो बक्सों के ताले टूटे मिले। पीड़िता के मुताबिक बक्सों में करीब पांच भर सोने का हार, कान की बालियां, अंगूठियां सहित अन्य जेवर रखे थे। ये जेवर उनकी बहन ने करीब 25 वर्ष पहले बच्चों की शादी में काम आने के लिए दिए थे। परिवार इन्हें वर्षों से संभालकर रखे था।
पीड़िता ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पति बीमार रहते हैं और बच्चे मजदूरी कर घर चलाते हैं। चोरी के बाद परिवार के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। घर में बिखरा सामान और टूटे बक्से देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष बिरनो पन्नेलाल यादव ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।














