Friday, September 4, 2026
Your Dream Technologies
HomePoliticsयोगी सरकार में किसान, नौजवान और व्यापारी परेशान : विधायक डॉ. वीरेंद्र...

योगी सरकार में किसान, नौजवान और व्यापारी परेशान : विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव

गाजीपुर। जंगीपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव और जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाओं के साथ हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी और आम जनता परेशान हैं। युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि किसान बिजली समेत विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ समाजवादी पार्टी गरीब, मजदूर, किसान और मजलूमों की आवाज सड़क से लेकर संसद तक उठाने का काम करेगी।

विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी संपत्तियों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियों से संविधान के माध्यम से मिले अधिकारों और हिस्सेदारी पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटने और अपने-अपने बूथों को मजबूत करने का आह्वान किया।

जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी जाति और धर्म से ऊपर उठकर हर वर्ग और समुदाय को साथ लेकर चलती है। उन्होंने दावा किया कि राजभर समाज लामबंद है और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए सपा के साथ खड़ा रहेगा।

बैठक के अंत में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही रविंद्र उर्फ बंटी सिंह, प्रमोद यादव के पिता और संजय यादव के चाचा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

बैठक का संचालन विधानसभा महासचिव जितेंद्र चौहान ने किया। इस दौरान जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा, बृजेश सिंह, इम्तियाज, सुरेंद्रनाथ राय, मनी पासवान, श्रवण कुमार राजभर, डॉ. सुभाष चंद्र, पारस प्रजापति, यशवंत मौर्य, नथुनी शर्मा, जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button