Saturday, August 29, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGमेडिकल कॉलेज की सुरक्षा में सेंध, पुलिस अभिरक्षा से हिस्ट्रीशीटर फरार

मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा में सेंध, पुलिस अभिरक्षा से हिस्ट्रीशीटर फरार

गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से शनिवार तड़के पुलिस अभिरक्षा में भर्ती हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी फरार हो गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सुधीर पासी को एक अगस्त को गहमर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगी थी। उपचार के बाद उसे जिला कारागार भेज दिया गया था। पैरों में लगी गोली के ऑपरेशन के लिए 21 अगस्त को उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था।

शनिवार सुबह सुधीर व्हीलचेयर से दूसरे तल स्थित बर्न वार्ड के शौचालय में गया। बाहर एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी थी। करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आने पर पुलिसकर्मी ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर शौचालय की जाली टूटी मिली, जबकि सुधीर वहां से गायब था। मौके पर व्हीलचेयर और गमछा पड़ा मिला।

सुधीर मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-92A बताया गया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कई जिलों में चोरी, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 35 मुकदमे दर्ज हैं।

घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल बंदी आखिर जाली तोड़कर कैसे निकला और पुलिसकर्मी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी, इसकी जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर और आसपास के संभावित रास्तों पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अभिरक्षा में पहले भी आरोपियों के फरार होने की घटनाओं के चलते इस मामले में जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग उठ रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button