गाजीपुर। नगर आमघाट विद्युत वितरण खंड कार्यालय में आने वाले उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया गया है। अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना के निर्देशन एवं अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह की पहल पर यह व्यवस्था की गई है, जिससे प्रतिदिन कार्यालय आने वाले सैकड़ों विद्युत उपभोक्ताओं को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके।
नगर डिवीजन कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग बिजली बिल जमा करने, बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन तथा अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। भीषण गर्मी के दौरान पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए विभाग ने कार्यालय परिसर में वाटर कूलर लगवाकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर और सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कार्यालय में जनसुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
कार्यालय पहुंचे उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में ठंडे पेयजल की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। उन्होंने इसे उपभोक्ता हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती रहेंगी।














