गाजीपुर – मुहम्मदाबाद नगर में रविवार सुबह नगर पालिका परिषद के संविदा सफाईकर्मी गुड्डू रावत (50) का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उनका शव शैव टोला से सिवान जाने वाले मार्ग के पास खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। गुड्डू रावत मूल रूप से ग्राम सेमरा के निवासी थे और वर्तमान में बहोरनपाह शहरी में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और रात करीब आठ बजे बड़े पुत्र रंजीत से उनकी फोन पर बात भी हुई थी। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं था।
उप निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति की जानकारी ली।














